
खड़ी हाइवा में लगी आग, अंदर सो रहा था ड्राइवर, ऐसे बची जान

बालोद. डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लिमहाटोला गांव में मंगलवार सुबह सड़क किनारे खड़ी हाइवा में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई. ड्राइवर ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई.
जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर ने हाइवा को सड़क किनारे खड़ा किया था. रात में वह गाड़ी में ही सो रहा था. इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे अचानक हाइवा में आग लग गई. आग की लपटें देखकर ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी से बाहर छलांग लगा दी. इससे उसकी जान बच गई, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया.
घटना की सूचना पर डॉयल 112 और डौंडी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक हाइवा पूरी तरह जल चुकी थी. फिलहाल हाइवा में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. डौंडी पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
…………………………………..
धान खरीदी केंद्र में बड़ा घोटाला : 1 करोड़ से ज्यादा का धान और बारदाना का गबन, दो गिरफ्तार

भानुप्रतापपुर. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से धान खरीदी के नाम पर सरकारी व्यवस्था में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है. भानुप्रतापपुर विकासखंड के आसुलखार धान खरीदी केंद्र की जांच में 4,651 क्विंटल से अधिक धान और 11 हजार से ज्यादा बारदाने की कमी पाई गई है. इस अनियमितता से शासन को करीब 1 करोड़ 44 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है.
दरअसल, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित आसुलखार के धान खरीदी केंद्र में कुल 748 किसानों से 36 हजार 703 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी. इसके विरुद्ध 30 हजार 855 क्विंटल धान का ही उठाव होना दर्ज किया गया. जब मामले की जांच और भौतिक सत्यापन किया गया, तो 11 हजार 628 बोरा बारदाना और 4651 क्विंटल धान की कमी सामने आई. इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 44 लाख 18 हजार 720 रुपये आंकी गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर खाद्य शाखा द्वारा 10 जून 2026 को जांच समिति गठित की गई थी. खाद्य निरीक्षक, सहकारी निरीक्षक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक की संयुक्त टीम ने जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया.
जांच में धान खरीदी प्रभारी टिकेश्वर पोटाई और बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन की भूमिका सामने आने के बाद समिति प्रबंधक परमेश महावीर की रिपोर्ट पर भानुप्रतापपुर थाने में अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
जेल भेजे गए धान खरीदी प्रभारी और बारदाना प्रभारी
पुलिस ने मामले में धान खरीदी प्रभारी टिकेश्वर पोटाई और बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन को गिरफ्तार किया. दोनों को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
………………….
ACB की बड़ी कार्रवाई, 20 हजार रुपए रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बसंतपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को ACB की टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रधान आरक्षक ने रुपए के लेनदेन से जुड़े मामले में उनसे 5 लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले की जांच और सत्यापन किया। इसके बाद बुधवार को योजनाबद्ध तरीके से गौरव अग्रवाल को 20 हजार रुपये देकर बसंतपुर थाना भेजा गया।
जैसे ही गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव को 20 हजार रुपये दिए, पहले से तैनात ACB की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। फिलहाल ACB की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
…………………..
जुए की फड़ पर पुलिस की दबिश, 8 जुआरी गिरफ्तार, नगदी समेत 6 बाइक और स्कॉर्पियो जब्त

महासमुंद। त्योहारी सीजन के बीच जुए की महफिल भी सजने लगी है। इस पर नकेल कसने के लिए पुलिस भी लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले के ग्राम मुनगासेर में पटेवा पुलिस ने जुआ फड़ पर दबिश देकर जुआ खेलते हुए 8 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कैश, आधा दर्जन बाइक, एक स्कॉर्पियो और 5 मोबाइल जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, त्योहारी सीजन को देखते हुए महासमुंद पुलिस जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसी दौरान पटेवा पुलिस ने ग्राम मुनगासेर में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई में जुआ खेलते हुए 8 आरोपी पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 16 हजार रुपये नकद, 6 बाइक, एक स्कॉर्पियो और 5 मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत 5 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए 24 घंटे अलर्ट है और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
…………….
नगर निगम की महत्वपूर्ण फाइलें गायब! स्थापना शाखा में रखे आलमारियों के टूटे ताले, निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल

दुर्ग। दुर्ग नगर निगम की स्थापना शाखा से महत्वपूर्ण फाइलें चोरी होने की आशंका पैदा हो गई है. दरअसल, निगम कार्यालय के स्थापना शाखा में रखी गई आलमालियों के ताले टूटे पाए गए हैं, जिसमें तमाम महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे जाते हैं. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है, लेकिन इस घटना ने कई बड़े सवालों को जन्म दिया है.
दरअसल, दुर्ग नगर निगम की स्थापना शाखा में सोमवार को स्थापना शाखा के कमरे और आलमारी का ताला टूटा हुआ पाया गया. इस विभाग से महत्वपूर्ण फाइलें चोरी होने की जानकारी सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है.
सवाल यह है कि आखिर निगम कार्यालय के भीतर से फाइलें कैसे गायब हो गईं? क्या कार्यालय में आने-जाने वालों पर नजर रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था है? और सबसे अहम बात, क्या निगम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में इस पूरे मामले से जुड़ी कोई गतिविधि रिकॉर्ड हुई है?
क्या कह रहे हैं जिम्मेदार
महापौर अलका बाघमार ने मीडिया से चर्चा में बताया कि जानकारी मिली है कि निगम की आलमारी तोड़ी गई है. जिसके बाद पुलिस को सूचना दे दी गई है. पुलिस की जांच के बाद पता चलेगा कि क्या-क्या गायब हुआ है. वहीं सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा.
वही इस मामले को लेकर निगम कमिश्नर लीना कोसम ने कहा कि उनकी सूची के अनुसार एक भी फाइलें चोरी नहीं हुई हैं. उन्होंने पुलिस से जांच के लिए शिकायत किया है, जिसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.
…………….




