छत्तीसगढ़
Trending

देश-प्रदेश की पांच बड़ी खबरें

अनजान लोगों को दी लिफ्ट, सफर के दौरान आया चक्कर, आंख खुली तो बाइक गायब

डोंगरगढ़. डोंगरगढ़ में मदद के नाम पर भरोसा करना एक युवक को भारी पड़ गया. रास्ते में लिफ्ट मांगने वाले दो अनजान व्यक्तियों को युवक ने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि जिन्हें वह लिफ्ट दे रहा है, वही उसकी बाइक लेकर फरार हो जाएंगे. प्रज्ञागिरि पहुंचने के बाद युवक को अचानक चक्कर आया और वह सड़क किनारे लेट गया. कुछ देर बाद जब उसकी आंख खुली तो दोनों व्यक्ति मौके से गायब थे. इतना ही नहीं, उसकी मोटरसाइकिल भी वहां नहीं थी. युवक ने आसपास तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला. आखिरकार उसे समझ आया कि लिफ्ट मांगकर साथ आए दोनों व्यक्ति उसकी बाइक लेकर फरार हो चुके हैं.

जानकारी के अनुसार घटना 30 अक्टूबर की है. डोंगरगढ़ के बधियाटोला वार्ड क्रमांक 7 निवासी 25 वर्षीय विशाल टेम्भुरकर अपनी हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AF 7262 से प्रज्ञागिरि जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने उससे लिफ्ट मांगी. विशाल ने दोनों को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया. प्रज्ञागिरि पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे चक्कर आने लगा. इसके बाद वह सड़क किनारे लेट गया. कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो दोनों अज्ञात व्यक्ति और उसकी मोटरसाइकिल गायब मिले.

2 दिन बाद पुलिस में की शिकायत
घटना के बाद विशाल ने आसपास दोनों व्यक्तियों की तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला. इसके बाद 2 नवंबर को उसने डोंगरगढ़ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में उसने बताया कि चोरी गई मोटरसाइकिल उसके भाई पवन टेम्भुरकर के नाम पर पंजीकृत है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत चोरी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने और चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद करने में जुटी है. इस घटना में युवक को चक्कर आने के बाद दोनों व्यक्तियों के बाइक लेकर फरार होने की बात सामने आई है, लेकिन उसे चक्कर कैसे आया, इसके पीछे कोई साजिश थी या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है. ऐसे में पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी.

मदद करने से पहले सावधान
यह घटना राह चलते अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा करने वालों के लिए एक सबक जरूर है. मदद करना अच्छी बात है, लेकिन अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज करना समझदारी नहीं. खासकर सुनसान रास्तों पर किसी अनजान व्यक्ति को लिफ्ट देने से पहले सावधानी बरतें. आपकी छोटी सी लापरवाही आपको बड़ी परेशानी में डाल सकती है.

………………….

एक्टिवा और बाइक में जोरदार टक्कर, फिर ट्रेलर ने युवक को कुचला, युवती की भी मौत

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर गए. इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से एक्टिवा सवार युवती और बाइक सवार युवक की जान चली गई.

पहले एक्टिवा और बाइक में हुई टक्कर, फिर भारी वाहन ने कुचला

जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सवार अपना संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए. इसी दौरान वहां से गुजर रहा भारी वाहन दोनों की ओर आया. बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक भारी वाहन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक्टिवा सवार युवती भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई. उसने भी मौके पर दम तोड़ दिया.

हादसे के बाद राहगीरों की जुटी भीड़
सड़क पर हुए इस भीषण हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना तत्काल 112 और संजीवनी वाहन को दी गई. इसके साथ ही कुसमुंडा थाना पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी गई.

मौके पर पहुंची पुलिस, मृतकों की पहचान में जुटी
सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली और दोनों मृतकों की पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की. फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है.

…………………….

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंदा, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। नेशनल हाईवे पर डीपीएस स्कूल के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात झंडा तालाब निवासी 26 वर्षीय रवि कुमार अपने साथी लोकेश कुमार निवासी परगांव के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान डीपीएस स्कूल के समीप उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे रवि कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी लोकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद घायल लोकेश को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं हादसे की सूचना मिलने पर लालबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

………………..

कमजोर पड़ने के बावजूद ‘मुरासु’ का रायपुर से बस्तर तक असर, आज भी झमाझम बारिश का अलर्ट

रायपुर. साइक्लोन मुरासु के प्रभाव से छत्तीसगढ़ का मौसम बिगड़ गया है. राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिन में बादल छाए रहे और शाम को झमाझम बारिश हुई. वहीं बस्तर में भी दिनभर रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही. इससे त्योहारी सीजन में खरीददारी भी प्रभावित हुई. वहीं कई रास्तों में पानी भी भर गया. मौसम विभाग ने 4 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है. एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने और 60 किमी तक की तेज रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है.

रायपुर में बारिश से गर्मी और उमस से राहत
राजधानी में मंगलवार शाम को मुरासु के असर से जमकर बादल बरसे. तेज बारिश ने दिवाली खरीदारी को प्रभावित किया. बुधवार को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बादलों की मौजूदगी के बावजूद तापमान में खास गिरावट की संभावना नहीं है.

रायपुर में सबसे ज्यादा तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा हुई. इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रायपुर में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूमतम तापमान पेंड्रा रोड में 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

रायपुर और बस्तर में बारिश की अधिक संभाव
IMD के मुताबिक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना प्रचण्ड चक्रवाती तूफान “मुरासु” उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है. आज, 3 नवंबर 2026 को दोपहर तक यह कमजोर होकर एक चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा और आधी रात तक एक गहन अवदाब में तब्दील हो जाएगा. हालांकि, तूफान के कमजोर पड़ने के बावजूद इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ पर पड़ सकता है. खासकर रायपुर और बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां ज्यादा सक्रिय रहने के आसार हैं.

गरज-चमक और तेज हवा की चेतावनी
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. दक्षिणी छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का प्रभाव ज्यादा पड़ने की संभावना है. बस्तर सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से बुधवार सुबह कई जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद और राजनांदगांव में बारिश के अलावा बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

………………………………………

‘जनता राहुल गांधी को नकार चुकी है’, डिबेट चैलेंज पर मंत्री ओपी चौधरी का हमला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राहुल गांधी के डिबेट चैलेंज और एसआईआर (SIR) को लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता उन्हें नकार चुकी है और कई चुनावों में हार का सामना करा चुकी है। ओपी चौधरी के मुताबिक, राहुल गांधी अपनी राजनीतिक हैसियत बढ़ाने के लिए डिबेट की बात कर रहे हैं। मंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के उस प्रस्ताव का भी जिक्र किया, जिसमें जॉइंट पार्लियामेंट या संसद के विशेष सत्र में चर्चा की बात कही गई है। ओपी चौधरी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस प्रस्ताव से बचेंगे और केवल बयानबाजी कर रहे हैं।

राहुल गांधी की ओर से डिबेट की चुनौती दिए जाने पर ओपी चौधरी ने कहा कि जनता उन्हें पहले ही कई बार चुनाव में नकार चुकी है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी को 100 से अधिक बार पराजय का सामना करना पड़ा है। मंत्री ने कहा कि राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए राहुल गांधी डिबेट की मांग कर रहे हैं और इस मुद्दे पर लगातार बयान दे रहे हैं। एसआईआर के मुद्दे पर संसद में चर्चा की मांग और अमित शाह के प्रस्ताव को लेकर भी ओपी चौधरी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री ने जॉइंट पार्लियामेंट या संसद के विशेष सत्र में चर्चा का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस चर्चा से दूर भागेंगे।

रायगढ़ को पीपल सिटी बनाने की तैयारी, 5 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य
मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में पीपल के पेड़ लगाने का लक्ष्य अब बढ़ाकर 5 लाख कर दिया गया है। पहले इसके लिए एक लाख पेड़ लगाने की योजना बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को ‘विकसित भारत संकल्प पीपल वन’ का लोकार्पण किया था। इसके बाद पीपल के पौधों के रोपण का लक्ष्य बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इस पहल के तहत बड़ी संख्या में पीपल के पेड़ लगाए जाएंगे, जिससे शहर की पहचान पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button