
जांजगीर-चांपा। देवरी पिकनिक स्पॉट में हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रविवार सुबह एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने सचिन सिंह और मुरारी साहू के शव निकाले। इससे पहले शनिवार को पवन लाल का शव मिल चुका था।
बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी फार्मा प्रथम वर्ष के चार छात्र और चार छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी पहुंचे थे। पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया। उसे बचाने उतरे दोनों साथी भी तेज बहाव में बह गए।
पत्थरों के बीच फंसा था मुरारी का शव
बलौदा थाना पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ ने रेस्क्यू शुरू किया था। रविवार सुबह करीब 6:15 बजे सचिन सिंह का शव मिला। इसके करीब 45 मिनट बाद मुरारी साहू का शव बरामद हुआ। वह नदी किनारे पत्थरों के बीच बनी खोह में फंसा था, जिसे टीम ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
तीनों शव बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजे गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे।
हादसे के बाद सुरक्षा बढ़ेगी
घटना के बाद प्रशासन ने देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा सख्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। एसडीएम ने टापू तक जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग और प्रतिबंधित क्षेत्र में चेतावनी पोस्टर लगाने के निर्देश दिए हैं।




