खेल समाचारछत्तीसगढ़देश दुनियां

छत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में शामिल, चीन में एशिया कप 2026 में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

छत्तीसगढ़ की हॉकी खिलाड़ियों मधु सिदार और गीता यादव का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित जूनियर एशिया कप में भारत की ओर से मैदान में उतरेंगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। छत्तीसगढ़ महिला जूनियर हॉकी टीम एशिया कप 2026 के तहत बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी चीन के मोकी में 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें चयन पर बधाई दी। उन्होंने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की भी जानकारी ली। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

खेलो इंडिया सेंटर में मिल रहा प्रशिक्षण

मधु सिदार और गीता यादव दोनों बिलासपुर की प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। इस अकादमी ने प्रदेश की हॉकी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मधु सिदार का प्रेरणादायक सफर

जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से हैं। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल और सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में हिस्सा लिया है।

वह वर्ष 2025 में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ टीम का हिस्सा रहीं, जहां टीम ने चौथा स्थान हासिल किया था। इसके अलावा मधु ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में भी भाग लिया और अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

गीता यादव का अंतरराष्ट्रीय अनुभव

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। उन्होंने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे के दौरान पहली बार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।

इसके बाद वह अर्जेंटीना दौरे (2025) और इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरे (2026) में भी भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा रहीं। अब उन्हें जूनियर एशिया कप में एक बार फिर देश के लिए खेलने का अवसर मिला है।

प्रदेश के लिए गर्व का अवसर

दोनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं और राज्य में विकसित हो रही खेल अधोसंरचना का प्रमाण माना जा रहा है। खेल विभाग ने उम्मीद जताई है कि दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button