अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर ₹4.90 लाख की चोरी, CCTV में संदिग्ध बाइक सवार कैद

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पुलगांव थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 4 लाख 90 हजार रुपये से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

भुगतान के लिए लेकर निकले थे नकदी

पुलगांव थाना पुलिस के अनुसार, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी, ‘देव एग्रो इंडस्ट्रीज’ के संचालक हैं। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने घर से ₹4.90 लाख नकद लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। रकम एक काले रंग के बैग में रखी थी, जिसे उन्हें एक पार्टी को भुगतान के लिए देना था।

सुबह करीब 9 बजे उन्होंने पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने कार खड़ी कर लॉक की और दूसरी बाइक से नया पारा स्थित अपने मित्र रितेश साहू की बारदाना दुकान चले गए। इसके बाद वे इंदिरा मार्केट में चाय पीने रुक गए।

फोन आया तो चोरी का चला पता

कुछ देर बाद उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह ने फोन कर बताया कि उनकी कार का अगला शीशा टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचकर प्रमोद महेश्वरी ने देखा कि कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब था। इसके बाद तत्काल पुलगांव थाना पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया है। पुलिस उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button