छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की पहल पर आयोजित फेम ट्रिप के तहत देशभर से आए टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स ने अंबिकापुर के प्रमुख होटलों, आतिथ्य सेवाओं और पर्यटन सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान सरगुजा को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में व्यापक चर्चा हुई।

रायपुर। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने सरगुजा संभाग को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फेम (FAM) ट्रिप का आयोजन किया। इस कार्यक्रम के तहत फेम ट्रिप से एक दिन पहले अंबिकापुर में विशेष होटल भ्रमण कराया गया, जिसमें देशभर से आए टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स ने स्थानीय आतिथ्य सेवाओं और पर्यटन अधोसंरचना का अनुभव लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को सरगुजा में उपलब्ध आधुनिक आवासीय सुविधाओं, होटल उद्योग और पर्यटन के अनुकूल वातावरण से परिचित कराना था, ताकि वे भविष्य में अधिक से अधिक देशी और विदेशी पर्यटकों को इस क्षेत्र की यात्रा के लिए प्रेरित कर सकें।
होटल पर्पल आर्किड में पारंपरिक स्वागत
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का अंबिकापुर स्थित होटल पर्पल आर्किड में पारंपरिक तिलक और स्वागत पेय के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें होटल की आधुनिक आवासीय व्यवस्था, बैंक्वेट हॉल, भोजन व्यवस्था और अन्य अतिथि सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन कराया गया।
होटल प्रबंधन ने अपनी सेवाओं और आतिथ्य के माध्यम से सरगुजा की समृद्ध मेहमाननवाजी परंपरा से सभी प्रतिभागियों को परिचित कराया।
होटल माखन विहार में आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन
दोपहर के भोजन के बाद टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स ने अंबिकापुर के प्रतिष्ठित होटल माखन विहार का भ्रमण किया। यहां होटल प्रबंधन ने आधुनिक आवासीय सुविधाओं, स्वच्छता, अतिथि सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
प्रतिभागियों ने होटल की गुणवत्ता और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरगुजा में गुणवत्तापूर्ण पर्यटन अधोसंरचना विकसित हो रही है।
पर्यटन विकास की संभावनाओं पर हुई चर्चा
होटल भ्रमण के बाद आयोजित हाई-टी कार्यक्रम में सरगुजा के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने सुझाव साझा किए तथा विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की परिचयात्मक यात्राएं सरगुजा को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अनुसार, इस तरह की पहल से पर्यटन उद्योग के साथ-साथ स्थानीय होटल व्यवसाय, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय जीवन शैली पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकती है।
