बिलासपुर। एमबीए में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 3 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शांतिनगर निवासी 51 वर्षीय कैरोलिन मैरी अपने बेटे के एमबीए एडमिशन के लिए प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान फेसबुक पर उनकी पहचान एक युवक से हुई, जिसने खुद को शिक्षा क्षेत्र से जुड़ा अधिकारी बताया। आरोपी ने प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में एडमिशन कराने का भरोसा दिलाकर प्रोसेसिंग फीस, सीट बुकिंग और अन्य खर्चों के नाम पर अलग-अलग किस्तों में लगभग 3 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान अतुल्य अनुभव के रूप में हुई है, जो झारखंड के हरमू कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी ने 11 मई 2026 को महिला को दिल्ली बुलाकर एडमिशन प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही, लेकिन वहां पहुंचने पर उसका फोन बंद मिला और वह गायब हो गया।
पीड़िता ने वापस बिलासपुर लौटकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल नंबर और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। मामले को साइबर फ्रॉड से जुड़ा माना जा रहा है और आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से भी जुड़ा हो सकता है।
