छत्तीसगढ़

रायपुर में फिर बढ़ेगी गर्मी, आज बादल छाने और बूंदाबांदी के आसार

रायपुर | छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग ने आज से तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। राजधानी रायपुर में दोपहर और शाम के समय आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं।

प्रदेश के कुछ हिस्सों में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और माना-रायपुर एयरपोर्ट क्षेत्र में 3 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं लाभांडीह, बिलासपुर और रायपुर में 2 सेमी तथा मोहला, अंबागढ़ चौकी, लोरमी, तखतपुर और सकरी में 1 सेमी बारिश हुई।

इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी दुर्ग में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार, विभिन्न मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। एक पश्चिमी विक्षोभ, मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण, राजस्थान से पश्चिम बंगाल तक द्रोणिका तथा बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव छत्तीसगढ़ पर पड़ सकता है।

इसके चलते प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?
राजधानी रायपुर में आज दोपहर बाद बादल छाने की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button