पश्चिम बंगाल। वोटों की काउंटिंग शुरू हो गई है। सोमवार को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। वहीं अब तक के शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। इस चुनाव में बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। वहीं दोपहर तक नतीजे भी सामने आने लगेंगे, जिसके बाद चुनाव की तस्वीर साफ होने लगेगी।
भवानीपुर में ममता फिर पीछे
भवानीपुर सीट पर एक बार फिर सुवेंदु अधिकारी आगे निकल गए हैं। ममता बनर्जी भवानीपुर में पीछे हो गई हैं। इस सीट पर ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
मालदा की 6 सीटों पर भाजपा, 4 सीटों पर TMC आगे
मालदा जिले की मालतीपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मौसम नूर आगे चल रही हैं। मौसम नूर ने बताया, “हमें जनता पर भरोसा है और नतीजे सब कुछ बता देंगे। मुझे जीत का पूरा विश्वास है।” मालदा जिले की छह विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगे है, जबकि तृणमूल को चार सीटों पर बढ़त हासिल है।
भवानीपुर में ममता बनर्जी एक बार फिर आगे
भवानीपुर विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी आगे चल रही हैं। पहले चरण की मतगणना में ममता बनर्जी को 3666 वोट मिले हैं। वहीं सुवेंदु अधिकारी को 1670 वोट मिले हैं।
हिंदू एकजुटता दिख रही: सुवेंदु अधिकारी
शुरुआती रुझानों पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “इस बार हिंदू एकजुटता दिख रही है, और जिस तरह मुसलमान टीएमसी को वोट देते हैं, वैसा उन्होंने इस बार नहीं किया है। कुछ वोट मुस्लिम समर्थक पार्टी को मिले हैं। भाजपा को भी कुछ वोट मिले हैं, हालांकि कम मात्रा में। मुझे नंदीग्राम के मुस्लिम बहुल बूथ पर इतने अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपने नेतृत्व में बंगाल के निर्माण का जो वादा किया गया है, वह उनके पक्ष में रहा है। इतनी जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। मैं आपको सुबह 11:00 बजे के बाद बताऊंगा।”
जीत का भरोसा है: हुमायूं कबीर
आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा, “मुझे अपनी जीत का पूरा भरोसा है। चुनाव आयोग ने बहरामपुर में पांच सीटों पर मतगणना की व्यवस्था कर दी है, व्यवस्थाएं अच्छी हैं। सब कुछ ठीक होना चाहिए। चलिए चार-पांच घंटे इंतजार करते हैं, तब तक सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।”
