छत्तीसगढ़देश दुनियां

बिलासपुर केंद्रीय जेल का डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने किया औचक निरीक्षण, कैदियों के लिए कई आधुनिक सुविधाओं को दी मंजूरी

जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने बिलासपुर केंद्रीय जेल का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कैदियों की समस्याएं सुनने के साथ शिक्षा, स्वच्छता, पेयजल, भोजन और जेल उद्योगों से जुड़ी कई नई सुविधाओं को स्वीकृति प्रदान की।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जेल महानिदेशक (डीजी जेल) श्री हिमांशु गुप्ता ने बुधवार को बिलासपुर केंद्रीय जेल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया, कैदियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कैदियों के कल्याण और जेल के आधुनिकीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण सुविधाओं को मंजूरी भी प्रदान की गई।

डीजी जेल ने खुद ली अंग्रेजी की क्लास

निरीक्षण के दौरान डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने एक अनूठी पहल करते हुए स्वयं कैदियों की अंग्रेजी की कक्षा ली। उन्होंने भाषा सुधार, अध्ययन और आत्मविकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए तथा शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने के लिए कैदियों को प्रेरित किया।

इसके बाद उन्होंने कैदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

जेल में मिलेंगी कई नई सुविधाएं

निरीक्षण के दौरान जेल के आधुनिकीकरण और कैदियों के पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए कई नई सुविधाओं को स्वीकृति दी गई। इनमें जेल उद्योग संचालन के लिए कलर ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन, एलईडी बल्ब और ट्यूबलाइट निर्माण के लिए मशीन सेटअप, स्मार्ट बोर्ड, जेल लाइब्रेरी के लिए प्रमुख अंग्रेजी समाचार पत्र, 20 आरओ वाटर प्यूरीफायर, ऑटोमेटिक रोटी मेकर मशीन, 2,000 थाली सेट तथा महिला जेल परिसर के लिए इन्वर्टर शामिल हैं।

इन सुविधाओं का उद्देश्य कैदियों को बेहतर शिक्षा, स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन, कौशल विकास और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी जेल श्री एस.एस. तिग्गा, जेल अधीक्षक श्री खोमेश मंडावी, जेल चिकित्सक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button