छत्तीसगढ़

अग्रसेन धाम में परिचय सम्मेलन : 580 युवक-युवतियों ने कराया पंजीयन

रायपुर । अग्रवाल सभा द्वारा 4 और 5 अप्रैल को आयोजित परिचय सम्मेलन एवं ‘अग्र मंथन’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ अग्रसेन धाम में हुआ। कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया, जिससे आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप मिला।

प्रचार-प्रसार प्रभारी योगेश अग्रवाल के अनुसार, सुबह 9 बजे से पंजीयन प्रक्रिया शुरू हुई। कार्यक्रम स्थल पर 80 प्रतिभागियों का ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन हुआ, जबकि कुल 580 युवक-युवतियों ने इस सम्मेलन के लिए पंजीयन कराया। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने मंच पर अपना परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल, अमर अग्रवाल, गौरी शंकर अग्रवाल और जयसिंह अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन और महाराज अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।

मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में अग्रवाल समाज द्वारा प्रदेशभर में किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। वहीं अमर अग्रवाल ने समाज की जिम्मेदारियों और योगदान को रेखांकित करते हुए इसे एक सशक्त और संगठित समुदाय बताया।

सभा के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन महामंत्री मनमोहन अग्रवाल ने किया।

उद्घाटन सत्र के बाद परिचय सम्मेलन की शुरुआत हुई, जिसमें प्रतिभागियों को खुला मंच दिया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए स्वागत, पंजीयन, हेल्प डेस्क, आवास और मंच व्यवस्था समितियों ने सुव्यवस्थित संचालन किया।

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा एवं महिला मंडल के सदस्य सहित देश के 17 राज्यों से आए अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button