रायपुर । चांदी की बढ़ती कीमतों का असर अब मिठाई बाजार पर भी साफ नजर आने लगा है। खोवा और काजू की मिठाइयों पर लगने वाला चांदी का वर्क महंगा होने से मिठाइयों के दाम बढ़ गए हैं। कारोबारियों के अनुसार, चांदी वर्क की कीमत में दोगुने से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है, जिससे उन्हें मिठाइयों के दाम बढ़ाने पड़े हैं।
जानकारी के मुताबिक, पहले चांदी वर्क का एक पैक (10 गड्डी) करीब 7800 रुपए में मिलता था, जो अब बढ़कर 16,500 रुपए हो गया है। यानी कीमत में करीब 8700 रुपए का इजाफा हुआ है। इसके बावजूद मिठाई दुकानदारों ने वर्क की मात्रा कम नहीं की है और पहले की तरह ही मिठाइयों पर चांदी का वर्क लगाया जा रहा है।
इसका असर मिठाइयों की कीमत पर पड़ा है। काजू कतली के दाम 1040 से 1080 रुपए तक पहुंच गए हैं, जबकि कुछ दुकानों में यह 1200 रुपए किलो तक बिक रही है। इसी तरह 560 रुपए किलो मिलने वाली मिठाई अब 600 रुपए तक पहुंच गई है। अन्य मिठाइयों के दाम में भी 40 से 50 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है।
व्यापारियों का कहना है कि चांदी के दाम बढ़ने के कारण वर्क महंगा हुआ है। एक गड्डी वर्क का उपयोग करीब 50 किलो मिठाई में होता है, जिससे लागत पर सीधा असर पड़ता है। इसके चलते ग्राहकों को अब अपनी पसंदीदा मिठाइयों के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है।
