दुर्ग। साइबर ठगी के लिए म्यूल अकाउंट का उपयोग करने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना मोहन नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से मिली जानकारी के आधार पर की गई।
जांच में कर्नाटक बैंक की स्टेशन रोड स्थित शाखा में संचालित 111 बैंक खातों का विश्लेषण किया गया, जिनका उपयोग देशभर में साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर और निकालने के लिए किया जा रहा था। इन खातों में करीब 86.33 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। खाताधारकों की पहचान कर 10 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या अन्य वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें, क्योंकि ऐसा करना अपराध की श्रेणी में आता है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।
