रायपुर। राजधानी में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 11 पुरुष और 1 महिला शामिल हैं। यह ऑपरेशन एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त रूप से चलाया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 42 किलो गांजा, 2200 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और 1.53 ग्राम MDMA जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर 1700 अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद की गईं। बिना वैध दस्तावेज के बिक्री करने पर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और स्टोर को सील करने की कार्रवाई की जा रही है।
गंज थाना क्षेत्र में 2 आरोपी MDMA के साथ पकड़े गए, जो नागपुर से ट्रेनों के जरिए ड्रग्स मंगाते थे। वहीं पंडरी थाना क्षेत्र में 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को 42 किलो गांजा और नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया।
डीडी नगर क्षेत्र से भी 2 आरोपी 500 नशीली टेबलेट के साथ पकड़े गए। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
