अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

रायपुर में ‘केडी: द डेविल’ के गाने पर बवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फिल्म केडी: द डेविल के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। हाल ही में रिलीज इस गाने पर आपत्ति जताते हुए एक वकील ने इसे अश्लील करार दिया है और इसके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार अधिवक्ता अनुराग गुप्ता ने सिविल लाइन्स थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि गाने के बोल और दृश्य समाज के नैतिक मूल्यों के खिलाफ हैं। शिकायत में कहा गया है कि गीत में डबल मीनिंग शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जो अश्लीलता को बढ़ावा देते हैं। इस मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही, अभिनेता संजय दत्त, गीतकार रकीब आलम और संगीतकार अर्जुन जन्या समेत फिल्म के मेकर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

विवाद बढ़ने के बाद नोरा फतेही ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि यह गाना मूल रूप से कन्नड़ भाषा में तीन साल पहले शूट किया गया था। उनके अनुसार, बाद में बिना उनकी अनुमति के इसका हिंदी वर्जन तैयार कर रिलीज कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लिरिकल वीडियो में उनकी एआई इमेज का उपयोग बिना अनुमति किया गया।

नोरा ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में बताया कि गाने के हिंदी संस्करण और उसके बोल देखकर वह खुद भी हैरान रह गई थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बदलाव की जानकारी रिलीज के समय ही मिली।

विवाद बढ़ने के बाद फिल्म के निर्माताओं ने गाने के हिंदी संस्करण को यूट्यूब से हटा दिया है। अब यह वीडियो प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं है, जबकि अन्य भाषाओं—कन्नड़, तमिल, तेलुगू और मलयालम—में गाना अभी भी देखा जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button