छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में दर्दनाक सड़क हादसा, भाई की मौत, बहन गंभीर

बलौदाबाजार। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकरी आईटीआई के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेत से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने मोटरसाइकिल सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतक की पहचान ग्राम बलौदी निवासी रूपेश चेलक (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायल बहन लासिकी चेलक (21 वर्ष) को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार रूपेश अपनी बहन को मोटरसाइकिल से जीजा के घर बलौदाबाजार छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान सकरी आईटीआई के पास अनियंत्रित हाईवा ने बाइक को चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने रूपेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाईवा चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और चालक की लापरवाही की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने जांच को प्राथमिकता देने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button