बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में जमीन के नाम पर 64 लाख रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित भूमि को लेकर गलत जानकारी देकर सौदा कराने और रकम हड़पने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस नेता ज्ञान सिंह गिल, नागेन्द्र राय और टाकेश्वर पाटले के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोंड़पारा निवासी पंकज भोजवानी ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे पीएम कंस्ट्रक्शन के भागीदार हैं। वर्ष 2023 में टाकेश्वर पाटले के जरिए उनकी मुलाकात नागेन्द्र राय से हुई, जिसने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर श्रीकांत वर्मा मार्ग की जमीन का सौदा कराया। इसके बाद उन्हें ज्ञान सिंह गिल के घर ले जाया गया, जहां जमीन उनकी पत्नी हरजिंदर कौर के नाम पर होना बताया गया।
आरोप है कि तीन करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ और 23 फरवरी 2023 को आरटीजीएस के माध्यम से 50 लाख रुपये हरजिंदर कौर के खाते में ट्रांसफर किए गए। दस्तावेजी कार्य के नाम पर 10 लाख रुपये दीपाली एसोसिएट्स के खाते में जमा कराए गए। बाद में रजिस्ट्री टालते रहे और पता चला कि जमीन पहले से न्यायालयीन विवाद में है। इसी जमीन को लेकर एक अन्य व्यक्ति से भी सौदा किया गया था।
रकम वापस मांगने पर धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
