
1000 रुपये में बेचते थे चोरी का पंप, ग्रामीणों ने पकड़कर सिखाया सबक

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने दो पंप चोरों को अनोखी सजा दी है। ना सिर्फ उन्हें जूतों की माला पहनाई गई बल्कि पूरे गांव में घुमाया भी गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह पूरा मामला ग्राम पंचायत आमगांव का है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण पंप चोरी की लगातार घटनाओं से परेशान है। इस बीच उन्होंने ग्राम पंचायत कोट के दो आरोपियों को पकड़ लिया, जो पंप चोरी कर महज 1000 रुपये में बेच देते थे। इसके बाद उन्होंने जो कदम उठाया वह हैरान कर देने वाला था।
ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को जूतों की माला पहनाई और फिर दोनों को पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान उन दोनों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जो अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
———–
रायपुर में आज पहला महिला टी-20 इंटरनेशनल मैच, महिलाओं की एंट्री फ्री

रायपुर। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच आज शाम 7 बजे पहला टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा।
रायपुर में पहली बार महिला टी-20 इंटरनेशनल मैच होगा। दोनों टीमों के बीच पहली बाइलैटरल टी-20 सीरीज भी खेली जाएगी। वहीं, स्मृति मंधाना पहली बार फुलटाइम कप्तान के तौर पर टीम इंडिया की कमान संभालेंगी।
मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम के आसपास पार्किंग के 8 जोन बनाए गए हैं। सीरीज के तीनों मैचों में महिलाओं को फ्री एंट्री मिलेगी।
रायपुर में पहली बार विमेंस टी-20 इंटरनेशनल
रायपुर में अब तक पुरुषों के इंटरनेशनल क्रिकेट मैच हो चुके हैं, लेकिन पहली बार महिला टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाएंगे। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमें 3 मैचों की सीरीज में आमने-सामने होंगी।
पहला मैच आज 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। तीनों मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे।
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच यह पहली बाइलैटरल टी-20 सीरीज होगी। इसमें दोनों टीमें तीन मैच खेलेंगी। इस सीरीज में खिलाड़ियों को टी-20 फॉर्मेट में अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका मिलेगा। रायपुर में होने वाले इन मुकाबलों को लेकर क्रिकेट फैंस में उत्साह है।
—————–
लाल सलाम पर्चे का खुलासा : गाड़ियों में आग लगाने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले में लोहत्तर थाना क्षेत्र के लौह खदान में तीन गाड़ियों में आग लगाने के बाद छोड़े गए लाल सलाम पर्चे का आखिरकार खुलासा हो गया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामला कांकेर जिले के लोहत्तर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेमल के पास स्थित पुष्प ब्लॉक खदान का है। यहां खदान में चल रही तीन गाड़ियों में आग लगा दी गई थी। घटना स्थल लाल सलाम लिखा हुआ पर्चा छोड़े गये थे। वारदात के तरीके को लेकर मामले ने गंभीर रूप ले लिया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें सहदेव तुलावी, प्रेम सिंह कोरेटी, ओम प्रकाश कचलाम, बृजलाल सलाम और शिवलाल तुलावी शामिल हैं। इनमें सहदेव तुलावी को कांड का मुख्य कर्ता-धर्ता बताया जा रहा है। घटना के पीछे जो बात सामने आई है, उसके अनुसार आरोपी अपने गांव में लौह खदान नहीं चाहते थे। खदान के आसपास स्थित बोदेली और एडगुड गांव के निवासी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आगजनी, संगठित अपराध, पहचान छिपाकर अपराध करने, जान से मारने की धमकी सहित बीएनएस की अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
———–
APK फाइल का लिंक भेजकर 2.90 लाख की ठगी

रायपुर। राजधानी में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के मोबाइल पर APK फाइल का लिंक भेजकर कथित रूप से उसके फोन का एक्सेस हासिल करने और बैंक खाते से 2 लाख 90 हजार 763 रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने की शिकायत सामने आई है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल का एक्सेस हासिल करने के बाद UPI के माध्यम से पीड़ित के बैंक खाते से रकम निकाल ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल नंबर पर APK फाइल से संबंधित एक लिंक भेजा था। आरोप है कि इसी लिंक के जरिए मोबाइल तक अनधिकृत पहुंच हासिल की गई। इसके बाद आरोपी ने अपने सिस्टम से UPI के माध्यम से बैंक खाते में मौजूद राशि का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लिया।
APK फाइल के जरिए मोबाइल का एक्सेस लेने का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल फोन को निशाना बनाने के लिए APK फाइल के लिंक का इस्तेमाल किया। इस प्रकार की फाइल का उपयोग एंड्रॉयड मोबाइल में ऐप इंस्टॉल करने के लिए किया जाता है। हालांकि, किसी अज्ञात स्रोत से प्राप्त APK फाइल में हानिकारक सॉफ्टवेयर हो सकता है। ऐसा सॉफ्टवेयर मोबाइल में इंस्टॉल होने पर निजी जानकारी और संवेदनशील अनुमतियों का दुरुपयोग कर सकता है। इस मामले में आरोप है कि APK लिंक के जरिए मोबाइल का एक्सेस हासिल किया गया। इसके बाद पीड़ित के बैंक खाते से बिना उसकी अनुमति के रकम निकाली गई।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने मोबाइल का एक्सेस हासिल करने के बाद अपने सिस्टम के जरिए UPI लेनदेन किए। इन लेनदेन के माध्यम से पीड़ित के बैंक खाते से कुल 2 लाख 90 हजार 763 रुपये निकालने का आरोप है। पीड़ित ने इस घटना को धोखाधड़ी बताते हुए शिकायत की है। हालांकि, रकम कितने ट्रांजेक्शन में निकाली गई और किन खातों में भेजी गई, इसकी जानकारी उपलब्ध विवरण में नहीं दी गई है।
APK फाइल से रहें सावधान साइबर अपराधी कई बार लोगों को मोबाइल पर ऐप डाउनलोड करने के लिए लिंक भेजते हैं। ये लिंक बैंकिंग सेवा, दस्तावेज, सरकारी योजना या अन्य सुविधाओं के नाम पर भी भेजे जा सकते हैं।अनजान लिंक के माध्यम से ऐप इंस्टॉल करने पर मोबाइल में संवेदनशील अनुमतियां देने का खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में अपराधी मोबाइल पर आने वाले संदेशों, निजी जानकारी या वित्तीय सेवाओं का दुरुपयोग करने की कोशिश कर सकते हैं।
—————–
करमा देखने निकले दो सगे भाइयों की मौत, हाईवे पर भीषण हादसा\

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई बाइक से दसईं करमा देखने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर साल्ही मोड़ के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुआ। मृतकों की पहचान घाटबर्रा गांव निवासी मन्ना राम मझवार (21 वर्ष) और धन्ना राम मझवार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे। बताया गया कि दोनों भाई गुरुवार शाम अपनी बाइक से डांडगांव में आयोजित दसईं करमा देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में उनके साथ इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। दोनों भाई अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान साल्ही मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों भाई उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। चोट इतनी गंभीर थी कि दोनों भाइयों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की जानकारी डायल 112 की टीम को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों की स्थिति की जांच की। दोनों की मौत होने की पुष्टि के बाद शवों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
अस्पताल पहुंचे परिजन, गांव में पसरा मातम
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। एक साथ परिवार के दो बेटों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शुक्रवार सुबह दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत की खबर से घाटबर्रा गांव में शोक का माहौल है। परिवार के लिए यह हादसा गहरा सदमा बनकर सामने आया है।
घटना के बाद उदयपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।
—————




