अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

रायपुर में हिट एंड रन मामला: भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह गिरफ्तार

रायपुर । राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस ने भाजपा विधायक एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना दो दिन पहले अग्रसेन धाम चौक के पास देर रात करीब 1:30 बजे हुई थी।

जानकारी के अनुसार, लक्की सिंह तेज रफ्तार कार से जोरा मॉल की ओर से तेलीबांधा आ रहा था। इसी दौरान चौक से गुजर रहे बाइक सवार युवक त्रिभुवन सिंह ठाकुर को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। त्रिभुवन सिंह ठाकुर तेलीबांधा क्षेत्र का निवासी है और डीजे इवेंट का काम करता है। घटना की रात वह काम से लौट रहा था। पीड़ित के भाई राज नारायण सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान वाहन के पंजीकरण और अन्य सबूतों के आधार पर कार चालक की पहचान लक्की सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में धारा 281 और 125(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button