अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

अमरकंटक जा रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, दो की मौत, तीन गंभीर

बिलासपुर। जिले के बेलगहना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से पूर्णिमा स्नान के लिए अमरकंटक जा रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के खम्हारडीह थाना अंतर्गत कचना निवासी रामकुमार धीवर (45) अपने साथियों निलेश्वर धीवर (38), सुखसागर मानिकपुरी (39), अमित चंद्रवंशी और राजकुमार साहू के साथ अमरकंटक जा रहे थे। कार को निलेश्वर धीवर चला रहे थे। सुबह करीब 9 बजे बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम भसको के पास तेज रफ्तार कार चालक का नियंत्रण खो बैठी और पेड़ से जा टकराई।

हादसे में रामकुमार धीवर और राजकुमार साहू को गंभीर चोटें आईं। रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजकुमार साहू ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और रामकुमार का शव वाहन में फंस गया था, जिसे निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को करीब दो घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे में घायल निलेश्वर धीवर, सुखसागर मानिकपुरी और अमित चंद्रवंशी को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button