छत्तीसगढ़

कड़ाके की ठंड में अमरकंटक जमी ओस की चादर, नर्मदा दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

रायपुर। नए साल की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने पेंड्रा-अमरकंटक क्षेत्र को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। 31 दिसंबर की रात से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार सुबह क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि आने वाले दिनों में इसमें करीब 2 डिग्री और गिरावट की संभावना जताई जा रही है। इससे इलाके में शीतलहर का प्रभाव और तेज हो गया है।

अमरकंटक के कई हिस्सों में सुबह के समय ओस की बूंदें जमती नजर आईं। सड़कों और खेतों में जमी हल्की परतों ने ठंड की तीव्रता को साफ तौर पर दर्शाया। गिरते तापमान का असर जनजीवन पर भी पड़ा है। सुबह के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, वहीं लोग अलाव जलाकर और गर्म चाय-कॉफी का सहारा लेकर ठंड से बचते दिखे।

कड़ाके की ठंड के बावजूद अमरकंटक में नए साल के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नर्मदा उद्गम स्थल पर दर्शन-पूजन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा भी अमरकंटक पहुंचीं और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान में और गिरावट की चेतावनी दी है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button