अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

NH-30 पर बड़ा हादसा, बस पलटने से शिक्षिका की मौत, 15 घायल

जगदलपुर। नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब रायपुर से कोंटा जा रही रॉयल ट्रेवल्स की बस बालेंगा कोसा सेंटर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।

जानकारी के अनुसार, हादसे में कवर्धा निवासी और दोरनापाल में पदस्थ शिक्षिका पद्मनी चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। बस पलटने के बाद कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया गया।

घटना में घायल हुए करीब 15 यात्रियों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से डिमरापाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आने की भी जानकारी मिली है। डॉक्टरों की टीम घायलों की लगातार निगरानी कर रही है।

हादसे के कारण नेशनल हाईवे-30 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर पलटी बस को हटाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद बस को हटाकर यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button