वीडियो जर्नलिस्ट साथियों ने की गणपति आराधना, पौधे बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में विशेष थीम पर आयोजित गणेश उत्सव में रविवार को वीडियो जर्नलिस्ट साथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। प्रेस क्लब परिसर में विराजे भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पत्रकार साथियों ने संध्या आरती में हिस्सा लिया।
रायपुर प्रेस क्लब ने इस वर्ष गणेश उत्सव को हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा से जोड़ा है। आयोजन में पत्रकारिता की अलग-अलग विधाओं से जुड़े साथियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक दिन अलग-अलग पत्रकार बिरादरी को भगवान गणेश की सेवा और आराधना का अवसर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को वीडियो जर्नलिस्ट साथियों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की।
आरती के बाद बांटे पौधे
गणेश आराधना के साथ प्रेस क्लब की ओर से आरती में शामिल पत्रकार साथियों को पौधे वितरित किए गए। इस पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश दिया गया। प्रेस क्लब ने पत्रकारिता के सामाजिक सरोकारों के साथ प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को भी उत्सव का हिस्सा बनाया।
पत्रकार साथियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित वरिष्ठ पत्रकार राजेश मिश्रा और संजय खरे मौजूद रहे।
वीडियो जर्नलिस्ट साथियों में रविंद्र नागलकर, विश्वनाथ साहू, पुनीत सोनकर, मुकेश वर्मा, महेंद्र नामदेव, खोमेन्द्र देशमुख, आरिफ खान, नरेश नवरंग, राकेश गौरखेड़े, इमरान कुरैशी, दीपक बावनकर, विक्की पंजवानी, लखन शर्मा, राजेंद्र चौधरी, महेश साहू, मनोज साहू, रमाशंकर केसरवानी, मिथलेश साहू, धरम साहू, दुर्गेश साहू, मनीष हरपाल, अनूप साहू, सूर्यकांत गौतम एवं संजय बिरनानी सहित अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की पहल
प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि गणेश उत्सव को पत्रकार साथियों की सहभागिता का पर्व बनाने के साथ इसे सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। भगवान गणेश की आराधना के बाद पौधों का वितरण इसी पहल का हिस्सा है। पत्रकारिता समाज को जागरूक करने का कार्य करती है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना भी सामाजिक दायित्व है।
आयोजन का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। सोमवार को प्रेस क्लब की कार्यकारिणी के सदस्य सामूहिक रूप से भगवान गणेश की आराधना करेंगे। प्रेस क्लब ने सभी पत्रकार साथियों से गणेश उत्सव में शामिल होकर संध्या आरती में सहभागी बनने और सामूहिक आयोजन को गरिमामय बनाने का आह्वान किया है।




