अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

AIIMS रायपुर की तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत

रायपुर । रायपुर स्थित AIIMS रायपुर से एक दुखद घटना सामने आई है। अस्पताल की तीसरी मंजिल से गिरने से एक मरीज की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है। मामले की जांच जारी है।

बी ब्लॉक में चल रहा था इलाज
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करण नायक बंजारा नामक मरीज बी ब्लॉक के बी-4 वार्ड में भर्ती था। वह रक्त संबंधी बीमारी का उपचार करा रहा था। शुक्रवार को वह अस्पताल की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आमानाका थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया है कि पूर्व में मरीजों के कीमती सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं।

हालांकि, घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button