छत्तीसगढ़

रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की सौजन्य भेंट

रायपुर । राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने सभी पदाधिकारियों को हाल ही में हुए निर्वाचन में मिली सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।


मुख्यमंत्री साय ने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रायपुर प्रेस क्लब जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ सामने लाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद से समाज में जागरूकता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा भी उपस्थित रहे।

रायपुर प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप कुमार साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े ने मुख्यमंत्री से भेंट कर संगठन की गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी।
मुलाकात के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा और पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श भी हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button