मानसून सीजन में दुर्ग जिले में डेंगू का पहला मामला सामने आया है। भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-7 निवासी मरीज की एलाइजा जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। टीम घर-घर सर्वे कर रही है और लोगों को मच्छरों के प्रजनन स्थल खत्म करने तथा डेंगू के लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दे रही है।
दुर्ग। मानसून सीजन के बीच दुर्ग जिले में डेंगू का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-7 निवासी एक मरीज की एलाइजा जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। मरीज का इलाज शुरू कर दिया गया है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
डेंगू का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में निगरानी और एहतियाती गतिविधियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य कर्मियों की टीम घर-घर जाकर सर्वे कर रही है और लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सेक्टर-6 और 7 में मिले थे संदिग्ध मरीज
शुक्रवार को भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-6 और सेक्टर-7 में डेंगू के दो संदिग्ध मरीज मिलने के बाद दोनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे।
शनिवार को आई एलाइजा जांच रिपोर्ट में सेक्टर-7 निवासी एक मरीज के डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही भिलाई में इस मानसून सीजन का पहला डेंगू केस सामने आया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में संक्रमण की संभावित स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
घर-घर सर्वे, जमा पानी की जांच
पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रभावित क्षेत्र में घर-घर सर्वे शुरू कर दिया है। टीम लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दे रही है।
इसके साथ ही घरों और आसपास जमा पानी की जांच कर मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों को चिन्हित किया जा रहा है। विभाग की ओर से साफ-सफाई और पानी जमा न होने देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की लोगों से अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। कूलर, गमले, पुराने टायर, छतों और अन्य स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से साफ करने की सलाह दी गई है।
विभाग के अनुसार डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ पानी में भी पनप सकता है। इसलिए पानी के बर्तनों को ढंककर रखना और उनकी नियमित सफाई करना जरूरी है।
लोगों से तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, जी मिचलाने या उल्टी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की गई है।
