अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

जगदलपुर–चित्रकोट मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, आरएसएस विभाग संघचालक की मौत, चार घायल

जगदलपुर। बस्तर जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। शुक्रवार को जगदलपुर–चित्रकोट मार्ग पर टाकरागुड़ा के पास एक भीषण सड़क हादसे में आरएसएस बस्तर संभाग के विभाग संघचालक सुकालु राम बघेल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार टाटा मैजिक वाहन ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी।

यह दुर्घटना बड़ांजी थाना क्षेत्र की है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टाटा मैजिक वाहन में सवार दो अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रहा है। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button