छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में केंद्रीय विद्यालय की जगी उम्मीद, टंक राम वर्मा ने प्रह्लाद जोशी से की मुलाकात; जल्द फैसले का आश्वासन

रायपुर। संवाददाता: बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में विद्यार्थियों को बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की उम्मीद अब मजबूत हुई है। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर जिले में केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर विस्तार से चर्चा की।

मंत्री टंक राम वर्मा ने केंद्रीय मंत्री के सामने जिले में केंद्रीय विद्यालय की आवश्यकता और स्थानीय विद्यार्थियों के हित से जुड़े विभिन्न पहलुओं को रखा। उन्होंने विद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया को गति देने और जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

प्रह्लाद जोशी ने जल्द निर्णय का दिया आश्वासन

मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस विषय पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि जल्द ही आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री के इस आश्वासन के बाद बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर केंद्र सरकार के स्तर पर सकारात्मक चर्चा हुई है। प्रह्लाद जोशी की ओर से जल्द निर्णय लेने का आश्वासन पूरे जिले के लिए उत्साहजनक है।

विद्यार्थियों को मिलेंगे बेहतर शैक्षणिक अवसर

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए वर्तमान में कई विद्यार्थियों को बड़े शहरों या दूसरे जिलों का रुख करना पड़ता है।

जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना होने पर स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का शैक्षणिक माहौल उपलब्ध हो सकेगा।

अस्थायी भवन और जमीन की प्रक्रिया शुरू

राज्य सरकार की ओर से विद्यालय के संचालन के शुरुआती चरण के लिए अस्थायी भवन की व्यवस्था करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इसके साथ ही भविष्य में केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित और आरक्षित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रयास

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की पहल से जिले में शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर और आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में आगे बढ़ी यह पहल बलौदाबाजार-भाटापारा के समग्र शैक्षणिक विकास को नई गति देने वाली मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button