छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून फिलहाल सामान्य स्थिति में बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से केवल 5 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में बने निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़ी सक्रिय मानसून द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में पर्याप्त नमी बनी हुई है। इसी वजह से आगामी दो दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

इन क्षेत्रों में हुई सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान दोरनापाल, भिलाईगढ़ और जगरगुंडा में सर्वाधिक 40-40 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं कटेकल्याण और सुकमा में 30-30 मिलीमीटर, जबकि सरिया, कानोरा और नया बाराद्वार में 20-20 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा दंतेवाड़ा, अंतागढ़, केल्हारी, सक्ती, बड़े बचेली, अड़भार, बम्हनीडीह, वाड्रफनगर और गादीरस सहित कई क्षेत्रों में 10-10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मौसम सुहावना बना रहा।

रायपुर में भी बारिश के संकेत

राजधानी रायपुर में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों और यात्रियों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही अपनी गतिविधियां तय करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button