रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर मंगौड़ी सेंटर में कार्रवाई, गांजा-नशीली गोलियां और नकदी मिलने की जानकारी

रायपुर। रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर संचालित मंगौड़ी सेंटर में कार्रवाई के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, जेल प्रशासन की टीम ने सेंटर पर दबिश देकर गांजा, नशीली गोलियां, तंबाकू और गुटखा समेत अन्य सामान बरामद किया है। कार्रवाई में दो मोबाइल फोन और करीब 70 से 72 हजार रुपये नकद मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि सेंटर से सितार गुटखा के करीब 400 पैकेट भी बरामद किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, मंगौड़ी सेंटर का संचालन जेल प्रहरी राजेश वर्मा से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं, एक अन्य जेल प्रहरी मन्नत पुरैना के पास से करीब 15 पैकेट तंबाकू मिलने की जानकारी सामने आई है।
मामले को लेकर यह भी आरोप सामने आया है कि सेंटर के माध्यम से नशीला सामान जेल के भीतर पहुंचाया जाता था। हालांकि, इस आरोप की अभी जेल विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, सेंटर पर कार्रवाई के बाद से यह करीब तीन दिनों से बंद है। मामले में नोटिस जारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। अब पूरे घटनाक्रम में विभागीय जांच और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।




