
जंगल में खून से लथपथ मिला युवक का शव, शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान

बलौदाबाजार. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के जंगल में अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला है. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतक के शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं. घटना राजादेवरी थाना के बया चौकी इलाके की है.
जानकारी के मुताबिक, मुरूमडीह और रायतुम गांव के बीच जगंल में युवक का शव मिला. घटना के बारे में तब पता, चला जब कुछ ग्रामीण वहां से गुजर रहे थे. जगंल में खून से लथपथ शव मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
जांच के दौरान शव खून से लथपथ पाया गया. पुलिस को मृतक के सीने और कंधे के पास तीन गहरे चोट मिले, जो धारदार हथियार के हमले से होना प्रतीत हुआ. शरीर पर गोदना (टैटू) के निशान हैं, जो उसकी पहचान करने में मददगार हो सकते हैं. एफएसएल टीम ने भौतिक साक्ष्य जुटाए. पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.
बया पुलिस घटना की हत्या समेत हर संभावित एंगल से जांच में जुट गई है. पीएम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता नहीं चल पाएगा.
———————
छत्तीसगढ़ में फिर साइक्लोन का खतरा, 3-4 नवंबर को भारी बारिश की संभावना

रायपुर. छत्तीसगढ़ में अर्नब चक्रवाती तूफान के बाद एक बार फिर मौसम बिगड़ने की आशंका है. बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब तेजी से चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की प्रबल संभावना है। इसके 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने का अनुमान है. इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी व्यापक बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 2 से 3 नवंबर के बीच प्रदेश में काफी व्यापक से लेकर व्यापक वर्षा होने की संभावना है. वहीं 3 से 4 नवंबर के बीच छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. मौसम के इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है.
दरअसल, 28 और 29 अक्टूबर को आए चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण हुई बारिश से पहले ही धान की फसल प्रभावित हुई है. खेतों में पानी भरने और लगातार बारिश के चलते किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है. ऐसे में एक बार फिर बारिश की संभावना से फसल को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.
आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने 2 नवंबर को छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. इसके अलावा 3 से 4 नवंबर के बीच भी प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है.
प्रदेश में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। हालांकि, इसके बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान है.
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा.
राजधानी रायपुर में 1 नवंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. राजधानी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. आने वाले दो दिनों में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है.
0000000000000000000
डॉक्टर के घर चोरी का खुलासा : फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए थे कैश और जेवर, 9 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में डॉक्टर के सूने मकान से हुई करीब एक करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, डायमंड ज्वेलरी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है।
दरअसल डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गई थी। 23 अक्टूबर को लौटने पर आलमारी से नगदी और कीमती आभूषण गायब मिले। जांच में पुलिस को राहुल बंसोड़ पर संदेह हुआ। इसके बाद टीम ने गोंदिया और नागपुर से लेकर मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक आरोपियों का पीछा किया। उत्तरप्रदेश में पुलिस ने प्रदीप कुमार चौधरी को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम और सोने के आभूषण घर के फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए गए स्थान से बरामद किए गए। पूछताछ में चोरी के आभूषण भदोही के ज्वेलर्स सोनू जायसवाल को बेचने की जानकारी मिली।
एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि ज्वेलर्स ने कुछ सोने के आभूषणों को भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदलने की कोशिश की थी। वहीं मुख्य आरोपी राहुल ने चोरी की रकम से दिल्ली में सेकंड हैंड XUV कार खरीदी, जबकि प्रदीप ने सुपर स्प्लेंडर बाइक समेत घर के निर्माण और अन्य खर्चों में पैसा लगाया। सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब राहुल चोरी का माल लेने भिलाई पहुंचा। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही वह सुपेला चौक के पास कार छोड़कर फरार हो गया और अपने सहयोगियों को इनोवा से चोरी का माल लेकर निकलने कहा।
पुलिस ने तड़के करीब 3 बजे घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। इनोवा से नगदी और आभूषण बरामद हुए। मामले में ज्वेलर्स, चोरी का माल छिपाने वाले परिजन और फरार आरोपी को वाहन व अन्य सहायता देने वाले सहयोगियों पर भी कार्रवाई की गई है। पुलिस अब फरार मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश के साथ चोरी की शेष संपत्ति और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।
————————-
बीजापुर से रायपुर जा रही बस पलटी, 5 लोगों की हालत गंभीर

जगदलपुर। बीजापुर जिले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। बीजापुर से रायपुर-दुर्ग जा रही मनीष बस भैरमगढ़ के पास बांगापाल में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल नेलसनार अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी घायलों के उपचार के लिए आवश्यक तैयारियां की गई है। पूरा मामला नेलसनार थाना क्षेत्र का है।
भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर एवं ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर रमेश तिग्गा ने बताया कि फिलहाल घायलों को नेलसनार अस्पताल ले जाया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी पूरी तैयारियां कर ली गई है। जैसे ही कोई मरीज यहां पहुंचता है, उसका तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा। दुर्घटना के बाद स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
————
AI से बनाई लड़कियों की तस्वीरें, शादी का झांसा देकर देशभर में ठगी, संचालक गिरफ्तार

दुर्ग। शादी के सपने दिखाकर देशभर के लोगों से साइबर ठगी की जाल में फंसाने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो के संचालक को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर कल्याण मैट्रिमोनी, एलिट मैच मैट्रिमोनी और फ्यूचर पार्टनर के नाम से फर्जी प्रोफाइल संचालित कर रहा था। एआई से तैयार काल्पनिक युवतियों की तस्वीरें दिखाकर शादी के इच्छुक लोगों को अपने जाल में फंसाया जाता था।
एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि आरोपी पहले फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विवाह संबंधी प्रचार करता था। संपर्क करने वाले लोगों से बायोडाटा और उनकी पसंद पूछी जाती थी। इसके बाद पसंद की लड़की से शादी कराने का झांसा देकर पहले 2,000 रुपए और फिर अलग-अलग नाम से अन्य रकम क्यूआर कोड के जरिए जमा कराई जाती थी। पैसा मिलते ही पीड़ित का नंबर ब्लैकलिस्ट कर संपर्क बंद कर दिया जाता था।
मासिक वेतन पर युवतियों को रखा था काम पर
सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस ने उत्तर गंगोत्री भवन स्थित परिसर में दबिश दी। मौके से संचालक परमानंद यादव सहित चार युवतियां मिली। युवतियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर बुलाया गया था और 7 हजार रुपए मासिक वेतन का भरोसा दिया गया था।
तीन महीने से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर
पुलिस ने मौके से 22 कीपैड मोबाइल, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, 16 सिम कार्ड, कंप्यूटर, वाई-फाई, बैंक पासबुक-चेकबुक, क्यूआर कोड और 1.64 लाख रुपए नगद बरामद किए। कुल जब्ती 2.83 लाख रुपए की बताई गई है। पूछताछ में सामने आया कि यह फर्जी कॉल सेंटर करीब तीन महीने से चल रहा था और रोजाना 20 से 50 कॉल किए या रिसीव किए जाते थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




