छत्तीसगढ़
Trending

देश-प्रदेश की पांच बड़ी खबरें

रायपुर के बिजनेसमैन की लाश चंडीगढ़ ताज होटल में मिली

रायपुर। रायपुर के बिजनेसमैन की लाश चंडीगढ़ के ताज होटल में मिली है। मृतक की पहचान दीपक मित्तल (56) के रूप में हुई है। दीपक राइस मिल के मालिक थे, मार्कफेड की बैठक में शामिल होने चंडीगढ़ गए थे। बुधवार सुबह लाश मिलने की सूचना पर थाना-17 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार, सुबह 6 बजे एक वेटर रूम में पहुंचा तो गेट खुला था। उसने पाया कि बिजनेसमैन बेसुध होकर बेड पर लेटे थे। उसने उठाने की कोशिश की, लेकिन वे होश में नहीं आए। उसने तुरंत होटल मैनेजर को बुलाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बिजनेसमैन को मृत घोषित कर दिया।

उधर, पुलिस ने शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस शुरुआती तौर पर नशे की ओवरडोज से मौत होने की आशंका जता रही है, हालांकि अभी मौत का कारण साफ नहीं है।

दीपक मित्तल (56) की चंडीगढ़ के ताज होटल में लाश मिली है।

संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर थे दीपक

दीपक कुमार मित्तल रायपुर की संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर थे। कंपनी उसना चावल, कच्चा चावल, बासमती चावल, फोर्टिफाइड चावल (FRK), दाल और चावल से बनने वाले अन्य उत्पादों का कारोबार करती है। कंपनी के निदेशकों में दीपक कुमार मित्तल, हिमांशु मित्तल और बिजेता देवी मित्तल शामिल हैं।

कंपनी की स्थापना मई 1997 में हुई थी। इसका रजिस्टर्ड ऑफिस रायपुर के रामसागरपारा स्थित आदिश्वर कॉम्प्लेक्स में है। वहीं आमासिवनी में फैक्ट्री है। दीपक शहर के प्रतिष्ठित कारोबारियों में शामिल थे। परिवार को बुधवार सुबह करीब 11 बजे उनकी मौत की सूचना मिली।

—————-

छत्तीसगढ़ में गुलाबी ठंड की दस्तक, दिन गर्म, रातें ठंडी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गुलाबी ठंड की दस्तक हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं। इसके बाद रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने का अहसास हो सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम साफ रहा। कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है।

रायपुर में मौसम साफ रहेगा

रायपुर में आज (22 अक्टूबर) मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल बारिश या किसी अन्य मौसमी एक्टिविटी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

अगले 2 दिन तापमान में खास बदलाव नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। यानी दिन में गर्मी का असर बना रह सकता है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट से मौसम ठंडा महसूस होने लगेगा।

——————-

रेरा की कार्रवाई : बिना पंजीयन जमीन बेचने पर जमीन कारोबारी पर 25 लाख लगा जुर्माना

रायपुर। रायपुर जिले के आरंग स्थित सालासार विहार प्रोजेक्ट में बिना रेरा पंजीयन भूखंडों की जमीन कारोबारी राजीव सोनी ने बिक्री की है। जिस पर छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (CG-RERA) ने प्रमोटर राजीव सोनी पर 25 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण की जांच में सामने आया कि परियोजना के तहत जमीन को भूखंडों में बांटकर रेरा में पंजीयन कराए बिना बेचा गया।

CG-RERA ने इस मामले को भू-संपदा (विनियमन और विकास) अधिनियम, 2016 की धारा 3 का उल्लंघन माना है। इसी आधार पर अधिनियम की धारा 59 के तहत शास्ति लगाई गई। जुर्माने की राशि परियोजना की अनुमानित लागत के आधार पर तय की गई है।

पंजीयन के बिना भूखंड बेचना नियमों के खिलाफ

रेरा के नियमों के मुताबिक, निर्धारित श्रेणी में आने वाली रियल एस्टेट परियोजनाओं का प्राधिकरण में पंजीयन कराना जरूरी है। पंजीयन के बिना ऐसी परियोजनाओं का विज्ञापन, मार्केटिंग या भूखंडों की बिक्री नहीं की जा सकती। इन नियमों का उद्देश्य संपत्ति खरीदारों को परियोजना की वैधानिक स्थिति और विकास से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना है।

प्राधिकरण की इस कार्रवाई को रियल एस्टेट कारोबार में नियमों के पालन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। CG-RERA नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रमोटरों के खिलाफ अधिनियम के तहत कार्रवाई कर सकता है।

जमीन खरीदने से पहले ऐसे करें जांच

CG-RERA ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आवासीय परियोजना या भूखंड में निवेश करने से पहले उसका रेरा पंजीयन जरूर जांचें।

खरीदार परियोजना का पंजीयन क्रमांक, प्रमोटर का विवरण और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन करें, ताकि भविष्य में विवाद या आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। परियोजनाओं के पंजीयन से जुड़ी जानकारी CG-RERA की आधिकारिक वेबसाइट https://rera.cgstate.gov.in पर उपलब्ध है।

————-

रायपुर में चौकीदार को बंधक बनाकर चोरी

रायपुर। रायपुर में हाई अलर्ट के बीच चोरों ने हीरापुर इलाके में स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में घुसकर चौकीदार को बंधक बना लिया और उसकी बेदम पिटाई की। इसके बाद करीब 800 किलो कॉपर वायर काटकर ले गए। चोरी हुए वायर की कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपए बताई जा रही है।

कबीर नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देर रात चोरों ने फैक्ट्री में दबिश दी थी। चोर फैक्ट्री में दाखिल हुए तो वहां तैनात चौकीदार को पकड़ लिया। उसे बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह विरोध न कर सके और शोर न मचा पाए।

इसके बाद आरोपियों ने फैक्ट्री में रखे कॉपर वायर को काटा और बड़ी मात्रा में उसे लेकर फरार हो गए। फैक्ट्री के चौकीदार के अनुसार वारदात रात करीब डेढ़ बजे शुरू हुई और सुबह 5 बजे तक आरोपी फैक्ट्री में मौजूद रहे।

चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरे और रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला DVR भी उखाड़कर ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कबीर नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम मामले में जांच कर रही है।

————————

अलग-अलग सड़क हादसों में 11 की मौत

रायपुर। विजयादशमी के उल्लास के बीच प्रदेश के चार जिलों में रफ्तार के कहर ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। इन सड़क हादसों में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में गर्भवती और चचेरे भाई शामिल हैं।

दंतेवाड़ा: लोगों से भरी पिकअप पलटने से गर्भवती की मौत

भांसी थाना क्षेत्र के राजा बंगला मोड़ पर दशहरा मेला देखने जा रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वाहन सवार 9 माह की गर्भवती महिला अन्नू मंडावी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य सवारियों को चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि बचेली की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने पहले बस से उतरकर सड़क पार कर रहे ग्रामीण मुड़ा भास्कर को टक्कर मारी। इसके बाद चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी भगाने की कोशिश की, जिससे वाहन कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

कोरबा के उरगा-हाटी मार्ग पर नोनबिर्रा के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार भारी वाहन ने एक इलेक्ट्रिक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार नोनबिर्रा निवासी यशवंत गुप्ता (24) और चचेरे भाई शुभम गुप्ता (20) की मौके पर ही मौत हो गई।

दोनों दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडित के घर पूजा सामग्री छोड़कर लौट रहे थे। वहां से वे परिजनों के साथ दशहरा उत्सव देखने जाने वाले थे। करतला थाना प्रभारी गणेश राम यादव के अनुसार, टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। उधर, कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर भी 24 घंटे में दो हादसों में दो लोगों की जान चली गई।

रायगढ़ : 4 हादसों में 6 लोगों की मौत, 4 रायपुर रेफर

जिले के छाल, कापू और गेरवानी क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए चार सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रायपुर रेफर किया गया है। पहली घटना छाल क्षेत्र की है जहां,अस्पताल पारा के पास दशहरा मेला देखने जा रहे 4 युवकों की बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

इसी थाना क्षेत्र में मेला देखने पैदल जा रहे चंद्रदेव सिंह ठाकुर को अज्ञात बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे जान चली गई। उधर, कापू क्षेत्र में इंचपारा-पारेमेर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन ने पैदल चल रहे ग्रामीणों को कुचल दिया।

हादसे में पवन कोरवा और उनकी बेटी नयंती कोरवा की मौके पर मौत हो गई। तीसरी घटना में गेरवानी के नलवा गेट नंबर-3 के पास डंपर के पीछे बाइक जा घुसी। हादसे में आकाश कुमार (40) की मौके हो गई।

अंबिकापुर : मेला देखकर लौट रहे मोपेड सवार दो किशोरों को ट्रेलर ने कुचला

सीतापुर के कासाबेल बिजली पावर हाउस के पास बुधवार तड़के करीब 5 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर (HR-38 AM 9613) ने मोपेड (CG-15 DR 2726) को टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड पर पीछे बैठे सोनतराई सड़कपारा निवासी सूर्यकांत और पवन मांझी पहियों के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मोपेड चला रहा उनका साथी विजय छिटककर दूर जा गिरा, जिससे वह बच गया।

 

————

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button