रायपुर। अवैध रेत तस्करी के खिलाफ रायपुर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर के निर्देश और खनिज विभाग के उप संचालक राजेश मालवे के नेतृत्व में यह कार्रवाई आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग स्थित ग्राम रानीसागर में देर रात की गई।
खनिज विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि रात के अंधेरे में बड़ी मात्रा में अवैध रेत परिवहन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद खनिज निरीक्षकों की टीम ने इलाके में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान रेत से लदे 14 हाइवा वाहनों को रोका गया।
जांच के दौरान वाहन चालक वैध दस्तावेज, रॉयल्टी रसीद और पीटपास प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी वाहनों को तत्काल जब्त कर खरोरा थाना परिसर में खड़ा कराया गया।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन में शामिल वाहन मालिकों एवं कारोबारियों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
