छत्तीसगढ़
Trending

रायपुर में 3 साल के मासूम पर मां और सौतेले पिता का जुल्म, हाथ टूटा और आंख सूजी,दोनों गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तीन साल के मासूम बच्चे के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि मां और सौतेले पिता ने बच्चे को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसका हाथ टूट गया। बच्चे की आंख में भी काफी सूजन है। शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान मिले हैं। बच्चे की छह साल की बहन ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद मोहल्ले के लोग पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पति-पत्नी के झगड़े का शिकार बनता था मासूम
मामला रायपुर के पंडरी इलाके में स्थित तरुण नगर, लोधीपारा का है। यहां रहने वाले तीन साल के बच्चे के साथ लंबे समय से मारपीट किए जाने का आरोप है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि बच्चे की मां और सौतेले पिता के बीच अक्सर विवाद होता था। दोनों के बीच झगड़ा होने पर उनका गुस्सा मासूम बच्चे पर निकलता था।

आरोप है कि सौतेला पिता राजा बच्चे को पीटता था। वहीं, मां अन्नू देवी उसे बचाने के लिए कुछ नहीं करती थी। लगातार मारपीट के कारण बच्चे के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं।

हाथ में फ्रैक्चर, आंख में सूजन और पीठ पर जलने के निशान
मारपीट के कारण बच्चे के एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। उसके हाथ पर प्लास्टर चढ़ाया गया है। बच्चे की बाईं आंख भी चोट लगने से काफी सूज गई है। इसके अलावा उसकी पीठ पर सिगरेट से दागे जाने जैसे निशान मिले हैं।

बच्चे की हालत देखकर आसपास के लोग भी परेशान हो गए। मोहल्ले वालों का कहना है कि मासूम के साथ पहले भी मारपीट की गई थी। उन्होंने बच्चे की सुरक्षा को लेकर पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की।

छह साल की बहन ने पड़ोसियों को बताई पूरी बात
इस मामले का खुलासा बच्चे की छह साल की बहन लक्ष्मी के कारण हुआ। जानकारी के मुताबिक, 13 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे लक्ष्मी ने आसपास रहने वाले लोगों को बताया कि उसके छोटे भाई को घर में पीटा जाता है।

बच्ची की बात सुनकर पड़ोसी उसके घर पहुंचे। वहां तीन साल के मासूम की हालत देखकर लोगों को मारपीट का पता चला। उसके चेहरे और शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button