छत्तीसगढ़
Trending

देश प्रदेश की आज की पांच खबरें…

नौ माह से फरार ऑनलाइन सट्टा पैनल का मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी गिरफ्तार

रायपुर। ऑनलाइन बैटिंग साइट के पैनल के जरिए सट्टे का संचालन करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले नौ माह से फरार था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, कुछ दिनों पहले गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली स्थित अंडरब्रिज के पास संयुक्त पुलिस टीम ने चारपहिया वाहनों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान आरोपियों के कब्जे से 37 लाख 50 हजार रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन, दो महिंद्रा थार कार और एक नेक्सा एक्सएल वाहन जब्त किया गया था। मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई थी।

जांच के दौरान सामने आया कि ऑनलाइन बैटिंग साइट jmdbet777.com की आईडी लेकर पैनल संचालित करने वाला मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई थीं।

इसी बीच गिरफ्तारी के लिए गठित टीम को आरोपी की रायपुर में मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने उक्त ऑनलाइन बैटिंग साइट के पैनल का संचालन करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

—————————————————————————————

रायपुर में MDMA ड्रग के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, 1.40 लाख का नशीला पदार्थ जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए MDMA ड्रग के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 14.73 ग्राम MDMA जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को ड्रग्स सप्लाई की गतिविधियों के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए।

निर्देश के बाद पुलिस टीम ने खम्हारडीह थाना क्षेत्र में रेमेडी सैलून एवं वेलनेस सेंटर के पास कार्रवाई की। इस दौरान दो महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 14.73 ग्राम MDMA ड्रग बरामद हुई।

NDPS एक्ट के तहत FIR, नेटवर्क की जांच जारी

 

पुलिस ने मामले में खम्हारडीह थाने में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स की सप्लाई के स्रोत और इसे प्राप्त करने वाले लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

आशा नायक (27 वर्ष) — निवासी घड़ी चौक, सुपेला संडे मार्केट, दुर्ग।

कृष्णा तिवारी (29 वर्ष) — निवासी बालाजी हॉस्पिटल के पास, रामकृष्ण बिल्डिंग, कमरा नंबर 108, मोवा।

हेमंत थापा (36 वर्ष) — निवासी अवंति विहार, जगन्नाथ मंदिर के पास, थाना खम्हारडीह, रायपुर।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

——————————————————————————-

गरबा प्रमोशन रील में पिस्टल और सिगरेट दिखाना  पड़ा भारी, वायरल होते ही 5 लड़कियां समेत 9 गिरफ्तार

बिलासपुर। नवरात्रि का पर्व पूरे देश में धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस साल 2026 में नवरात्रि का त्योहार 11 अक्टूबर रविवार से शुरू हो रही है, नवरात्रि में गरबा-डांडिया की धूम कई जगहों पर होती है, लेकिन इसी बीच बिलासपुर में गरबा और मेकअप प्रमोशन के नाम पर युवतियों के आपत्तिजनक वायरल वीडियो पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें 5 युवतियां और 4 युवक शामिल हैं। साथ ही बाउंड ओवर और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

धूम्रपान व हथियार लहराकर बनाई रील

दरअसल, सोशल मीडिया पर कुछ युवतियों का गरबा परिधान में एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो रहा था। जिसमें युवतियां, युवकों के साथ सार्वजनिक सड़क पर धूम्रपान व हथियार लहराकर गरबा पास और मेकअप प्रमोशन करते नजर आ रही थीं। सीफा मैथ्यूज नाम के सोशल अकाउंट से इसे वायरल किया गया था।

हिंदू संगठनों की शिकायत पर SSP का एक्शन

 

हिंदू संगठनों ने वायरल वीडियो को धार्मिक भावनाओं के विपरीत और षडयंत्र बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई थी। SSP से शिकायत करते हुए दोषियों पर FIR और कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए उसकी तस्दीक की और पहचान के आधार पर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।इतिहास जानें

धारा 196, 299और 3(5) BNS के तहत केस दर्ज

आरोपियों में वीडियो में नजर आ रही 5 युवतियां और 4 युवक शामिल हैं। सभी के खिलाफ धारा 196, 299और 3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया है। साथ ही बाउंड ओवर और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने इसके साथ ही गरबा आयोजनकर्ताओं को ऐसे किसी भी गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

——————————————————————————

मंदिर के बाजू में शराब दुकान, श्रद्धालुओं को परेशानी

रायपुर। राजधानी के कटोरा तालाब स्थित हनुमान मंदिर के बाजू में संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध के स्वर उठ रहे हैं। मंदिर के पुजारी का कहना है कि यह मंदिर करीब 60 से 70 साल पुराना है, जबकि पिछले पांच-छह वर्षों से मंदिर के ठीक बगल में शराब दुकान संचालित की जा रही है। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मंदिर परिसर में शराबियों के पड़े रहने का आरोप

 

पुजारी के अनुसार, शराब दुकान से शराब खरीदने वाले कुछ लोग नशे की हालत में मंदिर परिसर में पड़े रहते हैं। इससे मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा होती है। विशेषकर महिलाओं को मंदिर आने-जाने में परेशानी होने की बात भी पुजारी ने कही है।

विरोध के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

पुजारी का कहना है कि शराब दुकान को हटाने के लिए कई बार विरोध किया जा चुका है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए शराब दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की है।

मंदिर के पास शराब दुकान संचालित होने के मुद्दे ने धार्मिक स्थल की गरिमा, श्रद्धालुओं की सुविधा और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

—————————————————–

कार-ट्रैक्टर की टक्कर में पुलिसकर्मी समेत दो की मौत

 

रायपुर। खरोरा से रायपुर जा रही कार की बंगोली के पास ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पुलिसकर्मी समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों तर्रा गांव के रहने वाले थे। घायल को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, कार में पुलिसकर्मी कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी सवार थे। तीनों तर्रा गांव के रहने वाले थे और खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली के पास उनकी कार ट्रैक्टर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मृतक कमलेश वर्मा सिलतरा थाने में पदस्थ थे।

घायल को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद घायल गोपी कार में फंस गया था। उसे बाहर निकालने और बचाने में अजय देवांगन, ललित साहू और अजय वर्मा ने मदद की। इसके बाद उसे लक्ष्मीनारायण अस्पताल, दौंदेकला में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

————————————————–

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button