
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे मेजर रिडेवलपमेंट और दूसरे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी।
अधिकारियों से काम की मौजूदा स्थिति, तय समय-सीमा और आगे की प्लानिंग की जानकारी ली। जीएम ने सभी काम अच्छी क्वालिटी के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने कहा कि स्टेशन के रिडेवलपमेंट के दौरान यात्रियों की सुविधा और सेफ्टी सबसे जरूरी है। निर्माण कार्यों की वजह से यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए जरूरी वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण स्थल पर सेफ्टी के सभी नियमों का पालन करने को भी कहा।
प्लेटफार्म और फुट ओवर ब्रिज का भी निरीक्षण
तरुण प्रकाश ने रायपुर स्टेशन के अलग-अलग प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज और यात्री क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता, यात्रियों के आने-जाने की व्यवस्था और दूसरी सुविधाओं की स्थिति देखी।अधिकारियों को यात्री सुविधाओं को लगातार बेहतर करने के निर्देश दिए।
गेट नंबर-2 से गुढ़ियारी छोर तक देखा काम
जीएम ने स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर-2 पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां की गई घेराबंदी और निर्माण की स्थिति देखी। इसके बाद गुढ़ियारी छोर पर चल रहे काम का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की क्वालिटी के साथ काम की स्पीड पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए।




