रोड-रेज के विवाद में कारोबारी से लूट, शर्ट फाड़कर सोने की चेन छीनी; 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी-मोवा इलाके में कार टकराने के बाद हुए रोड-रेज के विवाद ने मारपीट और लूट का रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरी कार में सवार तीन युवकों ने कारोबारी के साथ गाली-गलौज करते हुए चेहरे पर 4-5 मुक्के मारे। इसके बाद उसकी शर्ट फाड़कर गले से सोने की चेन भी छीन ली।
घटना 10 सितंबर की शाम अशोका रतन गेट नंबर-1 के पास हुई। शिकायतकर्ता अमन अग्रवाल के मुताबिक, उनकी कार की दूसरी कार से टक्कर हो गई थी। इसके बाद दूसरी कार में सवार तीन युवक नीचे उतरे और विवाद करने लगे। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोपियों ने कारोबारी के साथ मारपीट की और उसकी शर्ट फाड़कर गले में पहनी सोने की चेन छीन ली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें घटना से जुड़े आरोपियों की गतिविधियां सामने आईं। शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर पंडरी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




