अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

Raipur Fire News: तेलीबांधा में ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें जलकर खाक, होटल और कई वाहन भी चपेट में

रायपुर के तेलीबांधा इलाके में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से ऑक्टोपस बार, एक हार्डवेयर दुकान समेत चार दुकानें, एक होटल का हिस्सा और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल की 13 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से ऑक्टोपस बार सहित चार दुकानें, एक होटल का हिस्सा और कई वाहन आग की चपेट में आ गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया।

हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग

प्रारंभिक जांच के अनुसार आग की शुरुआत एक हार्डवेयर दुकान से हुई। तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और फायर विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।

कुछ ही मिनटों में चार दुकानें आईं चपेट में

आग तेजी से फैलते हुए ऑक्टोपस बार समेत आसपास की चार दुकानों तक पहुंच गई। दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों ने आसपास खड़े कई वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना के समय बारिश हो रही थी, लेकिन इसके बावजूद आग की तीव्रता कम नहीं हुई। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार करते रहे। सुबह करीब 5:30 बजे तक भी कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा और घटनास्थल से धुआं उठता रहा।

होटल के लोग सुरक्षित बाहर निकले

आग की लपटें पास स्थित एक होटल तक भी पहुंच गईं। हालांकि होटल में ठहरे लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। होटल को भी आग से नुकसान पहुंचने की सूचना है।

सूचना मिलते ही पहुंचे कारोबारी

प्रभावित भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि रात करीब एक बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तब तक आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी। उन्होंने कहा कि सामान बचाने का अवसर नहीं मिला और पूरा प्रतिष्ठान जल गया।

नुकसान का आकलन, जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑक्टोपस बार समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।

आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर मौके पर कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button