छत्तीसगढ़

केरे गांव बना ग्रामीण पर्यटन का मॉडल, होमस्टे से बढ़ रही ग्रामीणों की आय

जशपुर, 9 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर जिले का केरे गांव एक सफल मॉडल के रूप में उभर रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य, स्थानीय संस्कृति और सामुदायिक भागीदारी के कारण यह गांव पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

जिले के प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने ग्राम केरे में संचालित होमस्टे का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, पारंपरिक भोजन और पर्यटन गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पर्यटन स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ रोजगार और आय के नए अवसर भी प्रदान कर रहा है।

जिला प्रशासन के प्रयासों से गांव में वर्तमान में पांच होमस्टे संचालित किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को होमस्टे संचालन और आतिथ्य प्रबंधन का प्रशिक्षण भी दिया गया है। हाल ही में महुआ होमस्टे में ठहरे पर्यटकों ने स्वच्छता, शांत वातावरण, पारंपरिक स्वागत और स्थानीय व्यंजनों की सराहना की।

प्रभारी सचिव ने ग्रामीणों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी पहलें स्थानीय समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जिला प्रशासन के अनुसार केरे गांव सामुदायिक आधारित ग्रामीण पर्यटन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button