रायपुर। कमिश्नरेट के पश्चिम जोन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त नशीले पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निर्देशों के तहत गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में संपन्न हुई।
सिलतरा स्थित जायसवाल निको कंपनी के पावर प्लांट में मादक पदार्थों को भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त संदीप कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल और जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा मौजूद रहे।
कार्रवाई में पश्चिम जोन के विभिन्न थानों के 42 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त 399.576 किलोग्राम गांजा, 2.90 ग्राम ब्राउन शुगर और 1738 टैबलेट/कैप्सूल नष्ट किए गए। पुलिस ने बताया कि पर्यावरण विभाग की अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यह प्रक्रिया पूरी की गई।
