अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

आकाशीय बिजली का कहर, एक मवेशी की मौत

कोरबा । जिले में रविवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक मवेशी की मौत हो गई, जबकि कई विद्युत पोल धराशायी हो गए। बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के दर्जनों गांवों में अंधेरा छा गया। देर शाम तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।

घटना रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार किसान दलबीर सिंह ने अपने बैल को चरने के लिए छोड़ा था। शाम करीब पांच बजे अचानक तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। बचाव के लिए बैल एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से बैल की मौके पर ही मौत हो गई।

बारिश रुकने के बाद ग्रामीणों ने बैल को मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रजगामार पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर राजस्व विभाग को घटना की जानकारी दी। इस हादसे से किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को भी कोरबा में तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई थी। आधे घंटे तक चले तूफान में कई होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टर उड़ गए थे, वहीं कई मकानों के छप्पर भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। लगातार बिगड़ते मौसम से लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button