छत्तीसगढ़

तेज आंधी-बारिश में सड़क पर गिरा विशाल पेड़, सागर दुलानी ने संभाला मोर्चा

रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कटोरा तालाब स्थित सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जोगी बंगला के पास एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क किनारे खड़े ऑटो व दोपहिया वाहन उसकी चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा के कारण पेड़ बिजली तारों और आसपास की दुकानों के ऊपर जा गिरा, जिससे कुछ देर के लिए मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस प्रोटोकॉल कमेटी के सदस्य एवं युवा सिंधी समाज के चेयरमैन सागर दुलानी ने तुरंत हालात संभाले। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया और पेड़ की बड़ी टहनियों को हटवाकर फंसे हुए ऑटो और बाइक चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सागर दुलानी ने लोगों से बिजली तारों से दूर रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील भी की। साथ ही उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु कराने में भी अहम भूमिका निभाई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय रहते राहत कार्य शुरू नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है। तेज बारिश और आंधी के चलते शहर के कई हिस्सों में पेड़ गिरने और जलभराव की भी स्थिति देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button