अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

रायपुर में चाकू की नोक पर लूट करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आदतन अपराधी राशिद अली उर्फ राजा उर्फ बैझड़ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना मौदहापारा और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आरोपी को उसके एक साथी सहित दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और लूट की रकम का हिस्सा भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शेख साहिल ने मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 मई की रात तालाब पार स्थित कल्लू गैरेज के पास आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे डराया और नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए जांच शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी राशिद अली उर्फ राजा बैझड़ का नाम सामने आया। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी टिकरापारा क्षेत्र का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट, चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने, धमकी और हत्या जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है, लेकिन रिहाई के बाद फिर आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था।

रायपुर पुलिस ने कहा है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों और हथियारबाजों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button