बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र अंतर्गत भुताही गांव में नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 वर्षीय और 6 वर्षीय दोनों बच्चे अपने साथियों के साथ गांव के पास स्थित नदी में नहाने गए थे। भीषण गर्मी के चलते बच्चे नदी में स्नान और खेलने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने के लिए नदी में उतरकर प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और बच्चों की स्थिति देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों मृतक बच्चे ग्राम पंचायत सबाग और भुताही के निवासी थे। सूचना पर सामरी पाठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शनिवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
