रायपुर । छत्तीसगढ़ में अप्रैल महीने में ही पड़ रही तेज गर्मी के चलते सरकार ने ग्रीष्मकालीन अवकाश समय से पहले लागू करने का निर्णय लिया है। पहले जहां छुट्टियां 1 मई से शुरू होनी थीं, अब इन्हें 20 अप्रैल से ही लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री से चर्चा की, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। लगातार बढ़ते तापमान और बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
15 जून तक बंद रहेंगे स्कूल
सरकार के फैसले के अनुसार, प्रदेश के सभी स्कूल 20 अप्रैल से 15 जून तक बंद रहेंगे। इस दौरान बच्चों की नियमित कक्षाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।
अभिभावकों की मांग पर लिया फैसला
गर्मी के बढ़ते प्रकोप के कारण अभिभावक लगातार मांग कर रहे थे कि बच्चों को इस भीषण गर्मी में स्कूल न बुलाया जाए। अप्रैल में ही मई-जून जैसी गर्मी पड़ने से स्थिति और चिंताजनक हो गई थी।
बच्चों की सेहत को प्राथमिकता
सरकार ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच स्कूल जाना बच्चों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। राज्य सरकार की ओर से औपचारिक आदेश जल्द जारी किए जाने की संभावना है।
