छत्तीसगढ़

सक्ती वेदांता प्लांट हादसा: मृतकों की संख्या 20 पहुंची

सक्ती। जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। प्रशासन की ताजा जानकारी के अनुसार, इनमें 5 मृतक छत्तीसगढ़ के हैं, जबकि 15 अन्य राज्यों से संबंधित हैं।

हादसे में घायल 15 लोगों का उपचार प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में जारी है, वहीं गंभीर घायलों के लिए 5 एयर एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर उन्हें हैदराबाद के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में रेफर करने की तैयारी है।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। कलेक्टर अमृत विकास टोपनो और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मृतकों में से 2 का अंतिम संस्कार कर दिया गया है, जबकि अन्य शवों को उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

प्रशासन ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कंपनी प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये और नौकरी देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 15-15 लाख रुपये सहायता दी जाएगी।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है।

वहीं विष्णु देव साय ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है। फिलहाल क्षेत्र में राहत कार्य जारी हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button