छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में एंटी साइक्लोन का असर: पारा 44°C के करीब, हीटवेव का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर तेज होता जा रहा है। एंटी साइक्लोन के प्रभाव से प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल गया है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

पिछले 24 घंटों में ही तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है, जिससे कई इलाकों में पारा 44 डिग्री के करीब पहुंचने लगा है।
बुधवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है और एक-दो स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बन सकती है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश से लेकर कोमोरिन तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका सक्रिय है। साथ ही कर्नाटक और उससे लगे महाराष्ट्र के ऊपर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर साफ देखा जा रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रति चक्रवात के कारण प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है। इसके चलते कुछ इलाकों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) या उससे मिलती-जुलती स्थिति बनने की संभावना है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, धूप में कम निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button