रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर तेज होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और आने वाले दो से चार दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचने के आसार हैं।
विशेष रूप से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग गर्मी से ज्यादा प्रभावित रह सकते हैं, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज होने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य ओडिशा से दक्षिण छत्तीसगढ़ होते हुए तमिलनाडु तक एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका सक्रिय है, जिसका असर मौसम पर पड़ रहा है। राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
