कोरबा। जिले में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर Dhirendra Krishna Shastri के दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। आयोजन के दौरान 583 लोगों की ‘घर वापसी’ का दावा किया गया, जिनमें एक मुस्लिम परिवार के शामिल होने की भी बात कही गई है।
ढपढप में चल रही 5 दिवसीय कथा के चौथे दिन करीब 2 लाख से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी। दरबार में श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। इस दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने धर्मांतरण को लेकर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि वे हिंदुओं को “न कटने देंगे, न बंटने देंगे और न मिटने देंगे”।
कार्यक्रम में यह भी दावा किया गया कि भूत-प्रेत बाधा से पीड़ित लोगों का समाधान किया गया। मंत्रोच्चार के दौरान कई लोग असामान्य व्यवहार करते दिखे, कुछ जमीन पर लोटते और झूमते नजर आए।
दरबार में एक गरीब बुजुर्ग की आर्थिक मदद का भी मामला सामने आया। पाली मुनगाडीह से पैदल आए बुजुर्ग की स्थिति जानकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता दी और उपस्थित लोगों से भी सहयोग की अपील की। इसके बाद कुल 1.20 लाख रुपये की मदद जुटाई गई और बुजुर्ग को सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां बड़ी संख्या में लोग धार्मिक आस्था के साथ शामिल हो रहे हैं।
