रायपुर। थाना डी.डी. नगर क्षेत्र में दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
मामले में प्रार्थी भुमराज वैरागड़े ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 मार्च की शाम दुकान बंद करने के बाद जब वे अगले दिन पहुंचे तो शटर खुला मिला और अंदर रखे तार के बंडल गायब थे। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी मन्नू राम साहू को चिन्हित किया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए 6 बंडल तार बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बालोद जिले का निवासी है और फिलहाल रायपुर में रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ विधिवत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कहा कि चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
